शर्मनाक: 62 वर्षीय अमेरिकी महिला से टूरिस्ट गाइड ने किया दुष्कर्म, फिर किया ब्लैकमेल..

Uttarakhand Press News, 09 May 2023: दिल्ली के शाहदरा जिला के विवेक विहार इलाके में अमेरिकी महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 62 वर्षीय महिला ने टूरिस्ट गाइड पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो व वीडियो लेकर उसे ब्लैकमेल कर 35 हजार यूएस डॉलर भी वसूल लिये।

महिला 2017 से 2022 के बीच कई बार भारत आई। इस दौरान वह आरोपी के साथ रही, लेकिन जब पीड़िता को आरोपी की हकीकत का पता चला तो उसने मामले की शिकायत आगरा पुलिस से की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में अमेरिकी दूतावास ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने दुष्कर्म समेत दूसरी धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी शाहदरा निवासी गगनदीप (32) को गिरफ्तार कर लिया है। गगनदीप को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खुद दिल्ली पुलिस आयुक्त मामले पर नजर बनाए हुए हैं। जांच के बाद आगे कार्रवाई की बात की जा रही है।

2017 की शुरुआत में आई थी भारत:
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह अमेरिकी नागरिक है। उसके पिता व पति की मौत हो चुकी है। वर्ष 2017 के शुरुआती माह में वह अपने रिश्तेदार के साथ घूमने के लिए भारत आई थी। इस बीच वह अलग-अलग जगह घूमती रही। नवंबर-2017 में ताजमहल घूमने के लिए आगरा चली गई। यहां उसे टूरिस्ट गाइड गगनदीप मिला। बातचीत के बाद आरोपी पीड़िता से घुलमिल गया। बाद में हुक्के में नशीला पदार्थ मिलाकर होटल में ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बाद में इसका विरोध किया तो आरोपी प्यार का इजहार कर शादी करने की बात करने लगा। आरोपी पीड़िता का विश्वास जीतकर उसे अपने साथ दिल्ली ले आया। यहां वह विवेक विहार के सूरजमल विहार स्थित अपने घर में उसने महिला के साथ सहमति संबंध में रहना शुरू कर दिया।

लॉकडाउन में लौट गई थी स्वदेश:
लॉकडाउन हुआ तो पीड़िता वापस अपने देश लौट गई। इसके बाद भी आरोपी लगातार उसके संपर्क में रहा। आरोपी ने पीड़िता से उसके अश्लील फोटो और वीडियो प्राप्त कर लिए। महिला का आरोप है कि इसके आधार पर आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर 35 हजार डॉलर वसूल लिए। भारत आने के बाद वर्ष 2021 में पीड़िता को पता चला कि आरोपी के कई अन्य महिलाओं से संबंध हैं और वह उनको धमका रहा है।

दूतावास के दखल पर दर्ज हुई रिपोर्ट:
पीड़िता को आरोपी की हकीकत का पता चला तो उसने आगरा पुलिस से शिकायत की, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। बाद में महिला ने अपने दूतावास का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को दबोचा। दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला आगरा का बनता है, फिलहाल दिल्ली में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस मुख्यालय इस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।

Read Previous

नैनीताल घूमने गये थे घर के छह सदस्य, फिर निजी गाड़ी से गए जयपुर और फिर लापता…

Read Next

Accident in Madhya Pradesh: बस की तेज रफ्तार के कारण 22 यात्रियों की मौत, 25 लोग घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

?>