Rain in Uttarakhand: अगले तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी, आंधी-तूफान का रेड अलर्ट जारी

Uttarakhand Press 24 June 2023: उत्‍तराखंड में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को दोपहर होते ही नैनीताल में झमाझम वर्षा शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक यह क्रम बना रहा। इस बीच लोग जहां तहां ठिठक कर रह गए। ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों की सैर पर गए सैलानियों की वर्षा के दौरान खूब फजीहत हुई।

नाले उफान पर आने से कूड़े कचरे के ढेर नैनी झील में समा गए। अपराह्न करीब एक बजे वर्षा थमने के बाद जनजीवन सामान्य हो पाया। मगर घने कोहरे का आना-जाना पूरे दिन लगा रहा।

रेड अलर्ट जारी कर सभी जिलों को सतर्क रहने की सलाह:
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के पर्यावरण विज्ञानी डा नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्री मानसून शावर शुरू हो चुका है। आज शनिवार से तीन दिन नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, टिहरी, बागेश्वर और पिथाैरागढ़ में अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। मौसम की विभाग की ओर से तीन दिन के लिए रेड अलर्ट जारी कर सभी जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मानसून पहुंचने तक कभी तेज तो कभी हल्की वर्षा का क्रम जारी रहने की संभावना रहेगी। इधर जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 65 प्रतिशत दर्ज की गई।

वर्षा का धोखा दे निकले बादल:
हल्द्वानी में दो दिन से आसमान में बादलों का डेरा है मगर उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार को भी वर्षा का धोखा दे बादल निकल गए। मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के मुताबिक शनिवार शाम तक वर्षा होने की सम्भावना है।

तवाघाट-लिपुलेख मार्ग दूसरे दिन भी नहीं खुला:
वहीं धारचूला में तवाघाट-लिपुलेख मार्ग दूसरे दिन भी नहीं खुला। कोतला और लामारी के मध्य काली दी के कटाव से 15 मीटर सड़क बह चुकी है और अब पचास मीटर दूर भी नदी द्वारा सड़क का कटाव किया जा रहा है। मार्ग के तीन चार दिन से पूर्व खुलने के आसार नहीं हैं।

गुरुवार को ग्लेशियरों के पिघलने से काली नदी का जलस्तर बढ़ गया था। जलस्तर बढ़ने से कोतला, लामारी से बूंदी के मध्य 15 मीटर सड़क बह गई थी। शुक्रवार को कटाव वाले स्थल से 50 मीटर दूर भी काली नदी द्वारा सड़क का कटाव किया जाने लगा है। जिसे लेकर अब मार्ग के जल्द खुलने के आसार नहीं हैं।

इस स्थान पर लोगों को पैदल सड़क पार करा कर ट्रांसमेनशिप के जरिये धारचूला की तरफ लाया जा रहा है। 17वें आदि कैलास यात्रा दल भी बूंदी से धारचूला पहुंच चुका है। अन्य यात्री भी पहुंच चुके हैं। 20 के आसपास ही यात्री अब उच्च हिमालय में बताए जा रहे हैं। इस स्थान पर आवाजाही में लोगों को परेशान भी हो रही है।

बारिश की चेतावनी, जिला प्रशासन ने किया अलर्ट:
अल्मोड़ा जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को दिन भर मौसम करवट बदलता रहा। उधर ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं ठंडी हवा चलने से उमस भरी गर्मी से राहत रही। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने चार दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

जिलाधिकारी विनीत तोमर ने बताया कि 24 जून से 27 जून तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बहुत तीव्र से अत्यधिक तीव्र बौछार तथा तेज हवा चलने की संभावना है।

उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस दौरान विशेष तौर पर अलर्ट रहने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए हैं।

Read Previous

Nainital News: इन तीन रूटों पर हफ्ते में दो दिन रात में ही चलेंगे भारी वाहन, पर्यटन सीजन को देखते हुए निर्देश

Read Next

Almora News: खाई में गिरा वाहन, दो महिलाओं की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

?>