तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में मारी टक्कर, हादसे में गर्भवती महिला की मौत और पति घायल

Uttarakhand Press 28 August 2023: वाराणसी पुलिस लाइन गेट के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई। वहीं, हादसे में महिला के पति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पाकर कैंट थाने की पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों में कोहराम मचा है।

आईजी रेंज ऑफिस से सेवानिवृत्त दरोगा संजय सिंह पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। चांदमारी क्षेत्र में उनका मकान बन रहा है। संजय सिंह की इकलौती बेटी वैष्णवी सिंह (24) की शादी दिसंबर 2021 में बलिया जिले के रसड़ा थाना के कुरेम गांव निवासी दरोगा सिंह के बेटे विक्रम शत्रुघ्न सिंह के साथ हुई थी।

20 मीटर दूर तक घिसटती चली गईं वैष्णवी:
वैष्णवी गर्भवती थीं और एक हफ्ते बाद उनका प्रसव होना था। शनिवार को वैष्णवी को कार से लेकर विक्रम शत्रुघ्न सिंह डॉक्टर को दिखाने बनारस आए थे। इसके बाद वह पुलिस लाइन स्थित अपनी ससुराल गए। रात 11 बजे के लगभग वह स्कूटी पर वैष्णवी को बैठा कर चांदमारी स्थित अपने ससुर के मकान पर जा रहे थे। पांडेयपुर फ्लाईओवर की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैष्णवी लगभग 20 मीटर दूर तक घिसटती चली गईं और विक्रम शत्रुघ्न सिंह छिटक कर दूर जा गिरे। पुलिस कर्मियों की मदद से दंपती को समीप के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही विक्रम शत्रुघ्न सिंह को बीएचयू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद कार सवार लोग उसे छोड़ कर भाग निकले। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से कार के साथ उसमें सवार एक व्यक्ति पकड़ा गया। पुलिस की सूचना पर आए विक्रम शत्रुघ्न सिंह के पिता दरोगा सिंह की तहरीर पर रविवार को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

Read Previous

Nainital News: महिला ने ससुर पर लगाया दुष्कर्म कर गर्भपात कराने का आरोप, पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

Read Next

अभिनेता रजनीकांत व सीएम योगी को लेकर सोशल मीडिया में आपत्तिजनक पोस्ट, दर्ज हुआ केस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

?>