ईद-उल-अजहा: उत्तरकाशी के पुरोला में सामूहिक रूप से नहीं पढ़ी गई नमाज, सतपुली में बाहरी नहीं लगाएगा फेरी

Uttarakhand Press 30 June 2023: Purola Incidence पुरोला और बड़कोट में भी त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाया गया। बीते दिनों क्षेत्र में पसरे रहे तनाव से उत्पन्न संवेदनशीलता को देखते हुए इस बार दोनों ही स्थानों पर नमाज अदा करने के सामूहिक कार्यक्रम नहीं हुए। अधिकांश परिवारों ने घर में ही नमाज पढ़ी। इधर बदरीनाथ धाम क्षेत्र में महायोजना के कार्यों में लगे मुस्लिम समुदाय के श्रमिकों ने जोशीमठ में त्योहार मनाया।

सीमांत जनपद उत्तरकाशी में ईद-उल-अजहा हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पुरोला और बड़कोट में भी त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाया गया।

हालांकि, बीते दिनों क्षेत्र में पसरे रहे तनाव से उत्पन्न संवेदनशीलता को देखते हुए इस बार दोनों ही स्थानों पर नमाज अदा करने के सामूहिक कार्यक्रम नहीं हुए। अधिकांश परिवारों ने घर में ही नमाज पढ़ी। कुछ लोग सांद्रा-चातरा (मोरी) चले गए और वहां वन गुर्जरों के साथ नमाज पढ़ी। इधर, बदरीनाथ धाम क्षेत्र में महायोजना के कार्यों में लगे मुस्लिम समुदाय के श्रमिकों ने जोशीमठ में त्योहार मनाया।

करीब 20 दिन बाद शांत हुआ था बवाल:
इसी 26 मई को नाबालिग लड़की को भगाने की घटना से पुरोला में तनाव उत्पन्न हो गया था, जो करीब 20 दिन बाद शांत हुआ।

इसके बाद पुरोला में मुस्लिमों की 25 दुकानें खुल चुकी हैं। हालांकि, हालात अब भी संवेनशील बने हुए हैं। ऐसे में ईद-उल-अजहा पर शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए प्रशासन ने पिछले दिनों पुरोला और बड़कोट में सर्वपक्षीय बैठक की।

इसमें हिंदू संगठन, व्यापारी, स्थानीय निवासी और मुस्लिम समुदाय के साथ पुलिस भी शामिल हुई। पुरोला थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया, इस दौरान सहमति बनी कि मुस्लिम समुदाय के लोग सार्वजनिक स्थल के बजाय अपने घरों में ही नमाज पढ़ेंगे। पुरोला के अशरफ अली ने बताया कि पूर्व में ईद पर उनके घर की छत पर सामूहिक नमाज अदा की जाती थी।

फिर से विवाद की स्थिति न बने, इसलिए इस बार यह कार्यक्रम नहीं रखा। गत वर्ष बदरीनाथ धाम क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जा कर धर्मस्थल बनाने और नमाज पढ़ने के प्रयास की बात सामने आई थी। इसको लेकर कई दिन तक विवाद चला। ऐसे में महायोजना के कार्यों में लगे अधिकांश मुस्लिम श्रमिक ईद-उल-अजहा पर अपने घर चले गए, जबकि अन्य ने जोशीमठ में त्योहार मनाया।

सतपुली में बाहरी व्यक्ति नहीं लगाएगा फेरी:
वहीं सतपुली व्यापार मंडल की बैठक में तय किया कि बाजार में किसी भी बाहरी व्यक्ति को फेरी नहीं लगाने दी जाएगी। साथ ही मासिक बंदी का अनुपालन न करने वाले व्यापारियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। व्यापार मंडल सभागार में अध्यक्ष जयदीप सिंह नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजत की गई।

वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों के हितों को देखते हुए व्यापारमंडल कड़े कदम उठाने से नहीं हिचकेगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सतपुली बाजार में बाहरी लोगों को फेरी नहीं लगाने दी जाएगी। यदि कोई बाहरी व्यक्ति सतपुली बाजार में फेरी लगाता है तो व्यापार मंडल उसका कड़ा विरोध करेगा। बाहरी व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए एक कमेटी का भी गठन किया है।

कमेटी में मनीष खुगशाल, कमलेश डुकलान, शरीफ अहमद, गुमान सिंह को सदस्य बनाया है।बैठक में व्यापारियों के परिचय पत्र बनाने की बात कही गई, जिससे व्यापारियों की पहचान हो सके। मासिक बंदी के दौरान जो भी व्यापारी अपनी दुकान खोलते हुए पाया गया, उसके पांच हजार रुपये का चालान काटा जाएगा, जो व्यापारी व्यापार मंडल के नियमों का उल्लघंन करेगा, उस व्यापारी की सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी।

इसके अलावा बाजार में वन वे सिस्टम को सही तरीके से लागू करने, बाहर से आने वाले वाहनों को बाजार में जगह उपलब्ध करवाने, अनावश्यक वाहनों को बाजार में खड़ा न करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सभी व्यापारियों ने सतपुली शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया गया। बैठक का संचालन कोषाध्यक्ष सुनील डंडरियाल ने किया।

Read Previous

शादी के अगले दिन दूल्हा बन गया पिता, सुबह विदा होकर आई दुल्हन, शाम में कराया गया प्रसव, लड़केवालों ने कही ये बात

Read Next

पहले इंस्टाग्राम पर 16 साल के छात्र से की युवतियों ने दोस्ती, फिर कर लिया अगवा, पढ़ें पीड़ित मां की आपबीती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

?>