Uttarakhand Press 4 October 2023: दिल्ली आई बाढ़ का पानी यमुना खादर में भर गया। यमुना का जल स्तर कम होने के बाद खादर में कई जगह पानी भरा रह गया। अब इस पानी में अक्सर बच्चे और किशोर आकर नहाने लगते हैं। मंगलवार को न्यू उस्मानपुर में यमुना खादर में भरे पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पहले एक भाई डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने की कोशिश करने लगा।
लेकिन उसे बचाने के चक्कर में वह भी डूब गया। शोर-शराबा हुआ तो आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे। दोनों को पानी से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की शिनाख्त मनीष (14) और दीपांशु (14) के रूप में हुई है। दोनों जुड़वां भाई थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
मनीष और दीपांशु परिवार के साथ पांचवां पुश्ता, गामड़ी गांव में रहते थे। इनके परिवार में पिता नवीन कुमार, मां राजबाला और एक बहन सिमरन है। दोनों जुड़वां भाई थे और पास के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र थे।
एक भाई डूबने लगा तो दूसरे ने किया बचाने का प्रयास, वह भी डूबा:
मंगलवार दोपहर के समय दोनों घर से बाहर जाने की बात कर निकले थे। इस बीच दोनों अपने दोस्तों के साथ परिजनों को बिना बताए यमुना खादर में भरे पानी में नहाने लगे। एक भाई डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने का प्रयास करने लगा। दोनों के डूबने के बाद बाकी बच्चों ने शोर मचा दिया।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को पानी से निकालकर जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उनके साथ कुछ दोस्त भी मौजूद थे, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।